रविवार देर रात सुदामा चक गांव के सामने हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार। हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर सुदामा चक गांव के सामने रविवार की देर रात सड़क हादसे में घायल एक साइकिल सवार की मौत हो गई। वहीं दूसरे को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सूचना पर मृत शख्स का शव कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव निवासी परदेशी राजभर (50) व रामाशीष (45) साइकिल से घर आ रहे थे। रात में करीब 10 बजे पीछे से आ रहे बाइक सवार ने सुदामा चक गांव के सामने साइकिल को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार मौके से भाग निकला। ठोकर लगने से दोनों साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर से गुजरे लोगों के सहयोग से परदेशी व रामाशीष को सीएचसी हाटा ले जाया गया। जहां पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद रामाशीष को घर भेज दिया। वहीं परदेशी राजभर की स्थिति गंभीर देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में परदेशी राजभर की मौत हो गई। परिजनों ने हाटा कोतवाली को सूचना दी तो सोमवार की सुबह पुलिस मुड़िला गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।