पडरौना। कप्तानगंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के केस में 25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त को एक अवैध तमंचे और दो जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
शुक्रवार को थाने की पुलिस ने कोतवाली पडरौना के बसहिया बनवीरपुर के रहने वाले अभियुक्त शमशाद अली को एक अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शमशाद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर की ओर से 25,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पहले से दर्ज है आठ केस
आरोपी शमशाद अली पर तमकुही राज थाने दो और कोतवाली पडरौना थाने में छह मामले मिलाकर जिले के सिर्फ दो थानों में ही आठ केस दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ थाना तमकुहीराज में धारा 3(1) यूपी गैंगेस्टर अधिनियम, 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम, मवेशियों व जानवरों को नुकसान पहुंचाने व आर्म्स अधिनियम के तहत केस दर्ज है। वहीं कोतवाली पडरौना में धारा 5 गोवध निवारण अधिनियम, 3/25 आर्म्स अधिनियम के तहत दो केस, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी व जान से मारने की धमकी व धारा 3(1) यूपी गैंगेस्टर अधिनियम के तहत केस दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभूषण थाना कप्तानगंज, उप निरीक्षक अरविन्द राय चौकी प्रभारी मथौली हेड कांस्टेबल अंजनी कुमार, कांस्टेबल अजय यादव व शुभम सिंह शामिल रहे।