कसया। पूर्व सूचना के आधार पर सोमवार को जनपद कुशीनगर की समस्त तहसीलों के लेखपालों के साथ तहसील कसया के लेखपाल पूर्ण कार्य बहिष्कार पर रहे। इस दौरान लेखपाल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक तहसील परिसर में धरना देते रहे और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। संघ की ओर से शाम को अपना ज्ञापन नायब तहसीलदार संदीप कुमार को सौंपा गया।
धरने के दौरान लेखपालों ने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित कार्य शासनादेश के अनुरूप केवल ऑपरेटर के माध्यम से ही किया जाएगा और लेखपाल केवल त्रुटि सुधार का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि अनावश्यक दबाव में अन्य कार्य नहीं किया जाएगा। लेखपालों ने यह भी मांग उठाई कि तहसील हाटा में निलंबित साथी का निलंबन वापस लिया जाए। साथ ही अन्य तहसीलों में की जा रही अनावश्यक प्रशासनिक कार्यवाहियों को समाप्त करने तक कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी गई। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष निलेश रंजन राव ने की, जबकि संचालन सहायक मंत्री डॉ. सुनील कुशवाहा द्वारा किया गया। इस दौरान तहसील अध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र दूबे सहित राधेश्याम सिंह, नन्दलाल पाठक, संजीवन मिश्रा, अजय सिंह, अभय राजन वर्मा, सन्नी गुप्ता आदि मौजूद रहे।