कसया। सेना दिवस के अवसर पर नयी दिशा पर्यावरण सेवा संस्थान की ओर से बुधवार को हाटा ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल भठही राजा के परिसर में सैनिक अभिनंदन समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें कुशीनगर के अमर शहीदों के परिजनों एवं वर्ष 2024 में सेना से सेवानिवृत्त सभी सैनिकों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राम जियावन मौर्य ने कहा कि सैनिकों के अभिनंदन समारोह का आयोजन उनकी सेवा और समर्पण के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने जैसा है। हम निश्चिंत भाव से दुनियादारी या देश के विकास के अन्य कार्यों में लग पाते हैं, इसका कारण सैनिक हैं। वे हमें सीमाओं पर डटकर सुरक्षित रखते हैं। तभी हम अपनी ऊर्जा को अन्य क्षेत्रों में लगा पाते हैं। नई दिशा परिवार की ओर से प्रति वर्ष सेना दिवस के अवसर पर यह जो अभिनंदन समारोह आयोजित किया जा रहा है, यह युवाओं को प्रेरणा देने वाला भी है। इससे युवा सेना के माध्यम से देश सेवा के लिए प्रेरित होंगे।
अध्यक्षता करते हुए जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर आलोक सक्सेना ने कहा कि सैनिक सम्मान समारोह सैनिकों को यह अहसास कराता है कि देश हमारे समर्पण और सेवा को महसूस कर रहा है और हमने कुछ सार्थक कार्य किए हैं। नई दिशा की ओर से पूरे जनपद के शहीदों के परिजनों और अवकाश प्राप्त सैनिकों को सम्मानित करने का कार्यक्रम बहुत पवित्र मंशा का परिणाम है। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत मां एवं सरस्वती मां की प्रतिमा के समक्ष पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कार्यक्रम का संचालन मजीबुल्लाह राही व अतिथियों का स्वागत संस्था सचिव डॉ. हरिओम मिश्र व आभार प्रधान सुभाष कांदू ने किया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों सहित विद्यालय की बच्चियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस दौरान पूर्व विधायक कुशीनगर रजनीकांत मणि त्रिपाठी, भंते डॉ. नंद रतन थेरो, पूर्व प्राचार्य डॉ. दयाशंकर तिवारी, प्रो. अमृतांशु शुक्ल, प्रो. गौरव तिवारी, डॉ. निगम मौर्य आदि मौजूद रहे।