तमकुहीरोड। एपी तटबंध के किनारे बसे जवही दयाल के मुसहर बस्ती में 22 परिवारों को क्षेत्रीय विधायक व एसडीएम की ओर से बुधवार को आवासीय पट्टे का आवंटन किया गया। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आवासीय पट्टा पाकर मुसहर समाज के लोग काफी खुश नजर आए।
सेवरही ब्लॉक जवही दयाल ग्राम सभा में एपी बांध के कट एंड टू के पास मुसहर समाज के लोग काफी समय रहते चले आ रहे हैं, जिन्हें हर साल बाढ़ की विभीषिका से दुश्वारियां झेलनी पड़ती है। इसी समस्या से स्थाई निजात दिलाये जाने को लेकर क्षेत्रीय विधायक डॉ. असीम कुमार के प्रयास से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर गामा मुसहर, मनोज, हीरालाल, छोटेलाल, दुखन, जितेंद, अर्जुन समेत 22 परिवारों को प्रति परिवार 6.6 एयर आवासीय भूमि रामपुर बरहन ग्राम सभा में उपलब्ध करा दी गई है। विधायक ने कहा कि इससे इन सभी मुसहर परिवारों को लाभ मिलेगा और वह आवंटित पट्टे की भूमि पर स्थाई रूप से निवास कर सकेंगे। इस दौरान एसडीएम विकास चंद्र, तहसीलदार चंदन शर्मा, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, राजस्व निरीक्षक जयंत गुप्ता, ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल, लेखपाल राणाप्रताप सिंह, बृजेश गौतम, शैलेंद्र पांडेय, प्रमोद यादव, विनोद प्रसाद, वेदप्रकाश उपाध्याय, शंभूनाथ आदि मौजूद रहे।