पडरौना। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुशीनगर की तरफ से संभावित शीतलहर, घना कोहरा एवं अत्यधिक ठंड से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को देखते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि सड़कों की मरम्मत एवं गड्ढों को तत्काल भरा जाए। रोड सर्फेस मार्किंग, रिफ्लेक्टर, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, संकेतक बोर्ड एवं स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त रखा जाए। प्रमुख चौराहों, ब्लैक स्पॉट्स, मोड़ों व दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए।
नगर निकाय, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, जिला पंचायत की तरफ से सभी कार्य प्राथमिकता से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान सड़क सुरक्षा के लिए चेतावनी संकेत, वाहनों में रिफ्लेक्टर, ‘स्लो-स्पीड’ एवं ‘हेडलाइट ऑन’ जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार किया जाए।
डीएम ने रैन बसेरे पूर्ण संसाधनों के साथ 24 घंटे संचालित रहने और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सभी सामुदायिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयां, चिकित्सकीय स्टाफ व सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।