पडरौना। कड़ाके की ठंड के बीच मंगलवार को दिन के करीब 11 बजे निकली धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिली। धूप निकलने के बाद बाजारों में भी चहलकदमी बढ़ गई। दोपहर बाद गलन बढ़ने की वजह से लोग जल्दी घरों को लौटने लगे।
पिछले एक पखवारे से जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड से हर कोई परेशान है। सोमवार को हल्की धूप निकलने से लोगों को थोड़ी सी निजात जरूर मिली थी, लेकिन हवा चलने से धूप की तपिश कम हो गई थी। मंगलवार की सुबह कोहरा होने के नाते ठंड में बढ़ोत्तरी जरूर हुई, लेकिन जैसे ही 11 बजे के बाद धूप निकली तो लोग जरूरी कामकाज निपटाने में मशगूल हो गए। बाजार में मकर संक्रांति के त्योहार को लेकर खरीदारी करने आए लोग भी धूप का आनंद लेते रहे। दुकानों से बाहर निकल कर व्यापारी भी धूप में खड़े हो गए। दिन ढलने के बाद हवा के चलने से गलन बढ़ गई।
जिला मुख्यालय पर धूप निकलने के बाद फरियादियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई। शिकायत पत्र सौंपने के बाद डीएम कार्यालय के गेट पर बैठकर लोगों ने धूप का आनंद लिया। तमकुहीराज से आए भृगुराशन, कप्तानगंज के संदीप, रामकोला के शिव वर्मा ने बताया कि धूप निकलने से थोड़ी बहुत राहत मिली है। बाइक से पडरौना आने पर शरीर कांप जा रहा है। मजबूरी के चलते ही इतनी दूर सफर करनी पड़ रही है।