पटहेरवा। बृहस्पतिवार की भोर में करीब पांच बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीपुर गांव के सामने घने कोहरे के चलते टाइल्स लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें रखी टाइल्स पूरी सड़क पर बिखर गई।
इससे एनएच का एक लेन देर शाम तक बाधित रहा। इस वजह से एनएच से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि काजीपुर स्थित क्रासिंग से वाहनों को करीब दो किमी के लिए वन-वे कर दिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
राजस्थान से टाइल्स लेकर ट्रक बंगाल के सिल्लीगुड़ी के लिए जा रहा था। उस समय घने कोहरे के चलते चालक को आगे का दृश्य स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। काजीपुर गांव के सामने क्रासिंग पर बने डिवाइडर पर ट्रक चढ़ गया और करीब 10 मीटर डिवाइडर पर आगे बढ़ते हुए अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना की जानकारी होने पर हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने इस जगह से टर्न होकर जाने का संकेतक लगाते हुए सड़क वन-वे करा दिया। बृहस्पतिवार की देर शाम तक एनएच पर ट्रक उसी हाल में पड़ा रहा।