बोदरवार। क्षेत्र में कई निजी विद्यालयों में मान्यता से अधिक कक्षाएं संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। कहीं प्राथमिक स्तर की मान्यता लेकर जूनियर हाईस्कूल तक की पढ़ाई कराई जा रही है तो कहीं आठवीं तक की मान्यता पर इंटरमीडिएट की कक्षाएं चलाई जा रही हैं।
कुछ विद्यालयों के बिना मान्यता संचालित होने की भी शिकायतें हैं। इसके बावजूद शिक्षा विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
हाल ही में बोदरवार बाजार स्थित एक निजी विद्यालय के प्रबंधक के खिलाफ कक्षा 10 की नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने आरोपी प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद विद्यालय की मान्यता और संचालन व्यवस्था भी जांच के दायरे में आ गई है। बताया जा रहा है कि विद्यालय को केवल कक्षा आठ तक की मान्यता मिली है, जबकि यहां इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं संचालित की जा रही थीं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बोदरवार और आसपास के क्षेत्रों में ऐसे कई निजी विद्यालय हैं, जहां मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन हो रहा है। कहीं कक्षा पांच तक की मान्यता लेकर आठवीं तक तो कहीं जूनियर हाईस्कूल की मान्यता पर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई कराई जा रही है।
इस संबंध में बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जिले में संचालित अमान्य विद्यालयों की जांच के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान अमान्य विद्यालयों को बंद कराया जा रहा है। जल्द ही जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर ऐसे विद्यालयों की जांच कराई जाएगी।