श्रीरामजानकी मंदिर में नियुक्त होगा रिसीवर
- शंभू दास और सियाराम दास संयुक्त रूप से सुबह-शाम पूजा करेंगे
- उत्तराधिकारी का निर्णय कोर्ट के जरिए होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मथौली बाजार। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव मथौली बाजार के रामजनकी कुट्टी मंदिर के उत्तराधिकारी को लेकर उठे विवाद को देखते हुए बृहस्पतिवार को तहसीलदार व एसओ की मौजूदगी में मंदिर से जुड़े साधु-संतों व अन्य लोगों की बैठक हुई। इसमें मंदिर के प्रबंधन के लिए रिसीवर नियुक्त करने तथा उत्तराधिकार का निर्णय होने तक दोनों दावेदारों को संयुक्त रूप से पूजा करने का अधिकार देने की बात पर सहमति बनी।
रामजानकी कुट्टी मथौली बाजार के महंत हरिदास महाराज ब्रह्मलीन हो गए हैं। महंत पद को लेकर दो साधुओं शंभू दास व सियाराम दास के बीच विवाद है। महंत हरिदास महराज ने अपने चेला शंभू दास को रजिस्टर्ड वसीयत लिख दी थी। वहीं सियाराम दास भी महंत की दावेदारी कर रहे थे। बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार हाटा योगेंद्र कुमार पांडेय व एसओ कप्तानगंज गोपाल पांडेय की मौजूदगी में क्षेत्र के साधु संत व अयोध्या से आए हुए साधु संत के बीच बैठक कर सहमति बनाने का प्रयास किया गया। स्वर्गवासी महंत हरिदास जी द्वारा लिखित वसीयतनामा शंभू दास ने प्रस्तुत किया। वसीयतनामा पर विवाद होने के दृष्टिगत सामान्य सहमति से निर्णय लिया गया कि प्रकरण का निस्तारण सक्षम न्यायालय करेगा। न्यायालय के निर्णय तक मंदिर प्रबंधन के लिए रिसीवर की नियुक्ति किए जाने का निर्णय लिया गया। रिसीवर की नियुक्ति तक मंदिर में पूजा पाठ की व्यवस्था शंभू दास और सियाराम दास करेंगे। यह भी निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर की दुकान इत्यादि का किराया रिसीवर की नियुक्ति होने तक वसूल नहीं किया जाएगा। निर्णय पर सहमति के साथ उपस्थित संतों ने हस्ताक्षर किए।
इस दौरान ग्राम प्रधान राकेश उर्फ भोला यादव, मनीष केजरीवाल, महंत जंत्री जयशरण दास, महंत शंभू दास, महंत सियाराम दास, सोनू दास, कुंज बिहारी गोस्वामी, महंत दिसंबर दास, रामनयन दास, महंत बालक दास पंजाबी बाबा, प्रमोद केजरीवाल, जयप्रकाश यादव, बैजू यादव, विकास जायसवाल, लहरी प्रसाद, सोहन यादव, सोनू यादव, गोपी यादव, हेमंत यादव सहित तमाम लोग मौजूद रहे।