मेहंदिया गांव में मारपीट की घटना का जायजा लेते एएसपी और सीओ।
- फोटो : KUSHINAGAR
जमीन विवाद में चटकी लाठियां, लहराए असलहे
दो पक्षों से पांच घायल, एएसपी-सीओ समेत तीन थानों की फोर्स पहुंची
अमर उजाला ब्यूरो
तमकुहीरोड। तरयासुजान क्षेत्र के मेहंदिया गांव में बुधवार को जमीन विवाद में पूर्व प्रधान और उनके भाई के परिवार में जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। धारदार हथियार के भी प्रयोग के साथ एक पक्ष ने असलहे भी लहराए। सूचना के बाद एएसपी और सीओ ने स्थिति का जायजा लिया। एएसपी ने पुलिस को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
गांव के पूर्व प्रधान शमशुल हक और उनके भाई सेराजुल हक के बीच जमीन संबंधी विवाद को लेकर दोनों पक्ष बुधवार को कहासुनी के बाद आमने-सामने हो गए। लाठी-डंडे के साथ धारदार हथियार का भी प्रयोग हुआ। एक पक्ष ने बंदूक भी निकाल लिया। सेराजुल हक के बीस वर्षीय बेटे सरफराज के पेट में धारदार हथियार से गंभीर चोट आई है। जबकि शमशुल हक की पत्नी की कलाई कट गई। उन्हें गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मारपीट में 24 वर्षीय फिरोज अहमद पुत्र सेराजुल हक और 20 वर्षीय शिबू पुत्र शमशुल हक के साथ फुलजनक नाम की महिला भी घायल हो गई। इनका इलाज दूसरे अस्पताल में चल रहा है। सूचना के बाद एएसपी गौरव बंसवाल, सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह, एसओ सेवरही धर्मेंद्र सिंह, एसओ पटहेरवा आनंद कुमार गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर दोनों पक्ष का कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। पुलिस ने पूर्व प्रधान के सेवरही स्थित मकान का जायजा भी लिया। एएसपी ने तरयासुजान पुलिस को सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही पीएसी तैनात कर दी गई।
बेटे संग पूर्व प्रधान को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कुशीनगर। एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि तरयासुजान क्षेत्र के मेंहदिया में हुए मारपीट के मामले में आरोपी पूर्व प्रधान समशुल और उसके बेटे माकूम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूर्व प्रधान की लाइसेंसी बंदूक भी कब्जे में ले ली गई है। जबकि उसके बेटे माकूम के पास से चाकू भी बरामद किया गया है। इस मामले में पूर्व प्रधान की बंदूक का लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था के लिए पीएसी तैनात कर दी गई है। सीओ और एसओ को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। इसमें जो भी कानून तोड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।