पडरौना तक मिली है उसकी लोकेशन, दोनों बहनें कपड़ा व्यापारी की हैं बेटियां
अमर उजाला ब्यूरो
खड्डा। कपड़ा फैक्ट्री मालिक की दो बेटियों के अपहरण के आरोपी को पकड़ने के लिए राजस्थान पुलिस रविवार को खड्डा पहुंची। यहां आरोपी नहीं मिला। ऐसे में पुलिस बैरंग लौट गई।
रविवार को जयपुर के करणी बिहार थाने के एएसआई सुरेश कुमार की अगुआई में पुलिस टीम ने खड्डा थाने पर पहुंचकर सहयोग मांगा। एसएसआई ने बताया कि 22 जुलाई को जयपुर के एक कपड़ा व्यवसायी की दो पुत्रियों का अपहरण करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। सर्विलांस से जिस आरोपी की पहचान हुई है, वह कपड़ा व्यवसायी के यहां नौकरी करता था। लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस खड्डा पहुंची। राजस्थान पुलिस के अनुसार, आरोपी के मोबाइल की लोकेशन पडरौना तक मिली है, उसके बाद फोन बंद हो गया है। खड्डा थाने के एसआई राजेश कुमार व जीतबहादुर यादव ने महिला पुलिस के साथ रामपुर गोनहा निवासी आरोपी युवक के घर छापा मारा। घर केवल वृद्ध मां मिली। उसके पिता की पहले मौत हो चुकी है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि राजस्थान पुलिस की मदद के लिए रामपुर गोनहा गांव निवासी आरोपी के घर छापा मारा गया। लेकिन वह नहीं मिला। तलाश की जा रही है। मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर राजस्थान पुलिस को सौंप दिया जाएगा।