कप्तानगंज। कस्बे के सुभाष नगर वार्ड में बरसात का पानी लोगों के घर में घुस गया है। इससे घर के अंदर सामानों को नुकसान होने के साथ बाहर निकलना दुश्वार हो गया है। हालात यह है कि ओवरब्रिज के दोनों तरफ पानी भर गया है।इसके चलते राहगीर दूसरे रास्तों से आवाजाही को मजबूर हैं।
गौरतलब है कि पडरौना -कप्तानगंज एनएच-730 की चौड़ीकरण और कस्बे के सुभाष नगर में दोनों तरफ नाली और सड़क का निर्माण किया जाना था। निर्माण अधूरा होने से रविवार की रात से शुरू हुई बारिश के चलते जलनिकासी के अभाव में पानी लोगों के घरों में घुस गया और सीढि़यों तक पहुंच गया। सुभाष नगर निवासी कल्पना राय ने कहा कि घर में रखे कूलर, टीवी, फ्रिज,कपड़े और घरेलू सामानों का बारिश के पानी से नुकसान हुआ है। राम प्रताप सिंह, गोलू मिश्रा, डॉ. उपेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, आरके मिश्रा, अभिजीत कुमार सिंह,यूपी राव, विनोद गोविंद राव, डा. दीप तिवारी, मोनू सिंह, भोला वर्मा, गौरी शंकर वर्मा, राम जनम गुप्ता रामप्रीत गुप्ता, मुलायम खरवार, राकेश दुबे, अशोक चौरसिया, दिवाकर पांडेय ने कहा कि जलनिकासी की उचित प्रबंध नहीं होने से बारिश का पानी घरों में भर गया है।
इस संबंध में एनएचएआई गोरखपुर के जेई अवधेश गुप्ता ने कहा कि अधूरे पड़े कार्य और जलनिकासी को लेकर रकम स्वीकृ़त हो गई है। बारिश के बाद अधूरे कार्य को पूरा कराया जाएगा।
कप्तानगंज कस्बे के एनएच 730 सड़क पर लगा बारिश का पानी।संवाद