अभी तीन दिन और होगी बारिश
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। जिले में अभी तीन दिन और बारिश होगी। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार, इस दौरान तेज हवा के साथ बिजली भी गिर सकती है। ऐेसे में लोग सतर्क रहें, जहां तक संभव हो बारिश के दौरान घर से बाहर न निकलें।
जनपद में सोमवार से मानसून सक्रिय हो गया। हालांकि मौसम शुक्रवार रात से ही बदला हुआ है। जिले में बीते 24 घंटे में औसतन 23 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। सबसे अधिक बारिश सेवरही ब्लॉक में 28 एमएम दर्ज हुई है जबकि सबसे कम 14 एमएम बारिश दुदही ब्लॉक में हुई है। पडरौना और कसया ब्लॉक में 19 एमएम बारिश दर्ज हुई है।
सोमवार सुबह ही घने बादल छाए हुए थे। सुबह करीब आठ बजे कुछ क्षेत्रों में हल्की तो कुछ जगहों पर तेज बारिश शुरू हो गई। करीब दो घंटे बाद बारिश रुक गई। इसके बाद सरकारी और गैर सरकार कार्यालयों के कर्मचारी घर से कार्यालय के लिए निकल पड़े। दोपहर करीब एक बजे फिर रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। मौसम विभाग की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 24 घंटे में पूरे जिले में 23 एमएम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश सेवरही ब्लॉक में 28 एमएम दर्ज की गई है। तमकुहीराज ब्लॉक में 26 एमएम, दुदही ब्लॉक में 14 एमएम, विशुनपुरा ब्लॉक में 18 एमएम, पडरौना ब्लॉक में 19 एमएम, कप्तानगंज ब्लॉक में 18 एमएम, मोतीचक ब्लॉक में 19 एमएम, रामकोला ब्लॉक में 16 एमएम, सुकरौली ब्लॉक में 18 एमएम, खड्डा ब्लॉक में 19 एमएम, हाटा ब्लॉक में 20 एमएम, कसया ब्लॉक में 19 एमएम, नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक में 21 एमएम और फाजिलनगर ब्लॉक में 22 एमएम बारिश दर्ज की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया की मौसम विशेषज्ञ श्रुति वी. सिंह ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की तरफ से मानसून समय से पहले सक्रिय होने व बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया था। अभी दो से तीन दिन तक बारिश की संभावना है। बरसात के दौरान बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐेसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जहां तक संभव हो बरसात के दौरान घरों से बाहर न निकलें।
जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल ने बताया कि इस बार जिले में मानसून समय से पहले आ गया है। यह बारिश फसलों के लिए अमृत है। जिन किसानों का धान का बेहन तैयार हो चुकी है वे खेत की मेड़बंदी कर धान की रोपाई कर दें।