पडरौना। शहर के सुभाष चौक से कोतवाली की तरफ से जाने वाले मार्ग स्थित मुख्य रेलवे ढाले पर अंडरपास निर्माण कार्य में तेजी आ गई है। बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे मुख्य मार्ग बंद कर उसके पास बने बाईपास मार्ग को चालू कर दिया गया है। एक सप्ताह के भीतर अंडर पास निर्माण की अन्य सभी कार्य भी शुरू हो जाएंगे। शहर के बीच से ही रेलवे लाइन गुजरी है। जब भी कोई ट्रेन आती है तो शहर में बने सभी रेलवे फाटक एक साथ बंद जाते हैं। इससे शहर में दो हिस्सों में बंट कर करीब आधे घंटे के लिए रूक जाता है। रेलवे ढाला खुलते ही ढाले के पास वाली शहर की सड़कों पर जाम लग जाता था।
सड़कों पर आवागमन सामान्य होने में 20 से 25 मिनट लग जाते थे, तब तक लोगों को जाम से परेशान होना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए शहर के लोग कई बार जाम से निजात दिलाने के लिए रेलवे के अधिकारियों के अलावा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों को पत्र देकर अंडरपास और ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर चुके थे। लोगों की समस्याओं को देखते हुए रेलवे की तरफ से कोतवाली रोड वाले ढ़ाले पर अंडर पास और नोनियापट्टी के पास बने ढाले पर ओवरब्रिज निर्माण की मंजूरी दी है। बृहस्पतिवार को कोतवाली रोड पर बने ढाले पर अंडर पास निर्माण कार्य को लेकर बीते कई दिन से तैयारी चल रही थी। बृहस्पतिवार को मुख्य मार्ग को बंद कर रूट डायवर्जन करते हुए मुख्य मार्ग के पास बने बाईपास मार्ग को चालू करा दिया गया है। रेलवे के सीनियर सेक्सन इंजीनियर पीसी शुक्ला ने बताया कि अंडर पास निर्माण को लेकर रूट डायवर्जन कर दिया गया है।