सप्तक्रांति सुपर फास्ट को वाल्मीकिनगर स्टेशन पर रोका गया
अमर उजाला ब्यूरो
खड्डा। गोरखपुर-नरकटियागंज रेलखंड पर पनियहवा और बिहार के वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन के बीच दिल्ली कैंप के पास ओएचई वायर टूट गया। इससे ट्रेनों का आवागमन साढ़े तीन घंटे तक ठप रहा।
मंगलवार को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल क्षेत्र में यूपी सीमा से सटे बिहार सीमा में पोल संख्या 300/13 के पास करीब पौने चार बजे तार टूट गया ।इसी समय वाल्मीकिनगर से पनियहवा की तरफ आ रही मालगाड़ी जंगल में ही खड़ी हो गई। इसी तरह मुजफ्फरपुर से दिल्ली जाने वाली सप्तक्रांति एक्सप्रेस वाल्मीकिनगर रोड स्टेशन पर रोकनी पड़ी। नरकटियागंज से गोरखपुर जा रही सवारी गाड़ी बिहार के खैरपोखरा स्टेशन पर खड़ी रही। डीसीएम वीरेंद्र प्रसाद का कहना है कि विद्युत केबिल के संपर्क में बंदर के आ जाने से यातायात में व्यवधान उत्पन्न हुआ है।