खाद-बीज की दुकानों की जांच करते जिला कृषि अधिकारी प्यारे लाल।
- फोटो : KUSHINAGAR
उर्वरक की दुकानों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
45 दुकानों से 36 से नमूने लिए गए
पडरौना। डीएम के निर्देश पर कृषि विभाग की ओर बुधवार को जिले में उर्वरक, बीज और कीटनाशक की 45 दुकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 36 दुकानों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। इस कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा।
प्रशासन को कई दिनों जिले में नकली उर्वरक, बीज और कीटनाशक दवाओं की बिक्री की सूचना मिल रही थी। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कृषि विभाग के अधिकारियों को जिले में अभियान चलाकर छापेमारी करने का निर्देश दिया। इसके अनुपालन में उपकृषि निदेशक चौधरी अरुण कुमार की अगुवाई में भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. बीआर मौर्या और जिला कृषि अधिकारी प्यारेलाल ने टीम बनाकर एक साथ अलग-अलग क्षेत्रों में 45 दुकानों पर छापेमारी की।
उपकृषि निर्देश चौधरी अरुण कुमार ने बताया कि किसी भी स्थिति में उर्वरक, बीज और कीटनाशकों की कालाबाजारी बर्दाश्त नही की जाएगी। इसमें लिप्त पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी चलता रहेगा।