विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को राज्यमंत्री राधेश्याम सिंह समेत तीन लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके अलावा पूर्व विधायक विश्वनाथ सिंह सहित कई लोगों ने नामांकन पत्र लिए। दो दिन मिलाकर यहां चार लोग नामांकन कर चुके हैं। बृहस्पतिवार से नामांकन करने वाले उम्मीदवारों की संख्या बढ़ेगी।
सुबह 11 बजे से नामांकन कार्य शुरू हुआ। दोपहर करीब डेढ़ बजे हाटा से सपा उम्मीदवार राधेश्याम सिंह नामांकनपत्र दाखिल करने पहुंचे। इनके साथ सपा के जिलाध्यक्ष इलियास अंसारी भी मौजूद थे। इनके अलावा खड्डा विधानसभा सीट से निर्दल उम्मीदवार विजय ने पर्चा दाखिल किया। फाजिलनगर से बहुजन मुक्ति पार्टी के उम्मीदवार राजमंगल यादव ने पर्चा दाखिल किया। राजमंगल कई बार नामांकन पत्र की गड़बड़ियों को दूर करने व प्रपत्र पूरा करने के लिए अंदर-बाहर होते रहे।
नामांकन का समय समाप्त होने से कुछ ही मिनट पहले वह फिर अंदर पहुंचे और आरओ को अपना नामांकन पत्र सौंपा। कंट्रोल रूम से दी गई जानकारी के अनुसार पडरौना विधानसभा क्षेत्र से 6, खड्डा से 12, रामकोला से 2, हाटा से 3, कसया से 2, फाजिलनगर से 3 और तमकुहीराज से 4 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। मंगलवार व बुधवार को मिलाकर कुल चार पर्चे दाखिल हो चुके हैं। मंगलवार को तमकुहीराज से पूर्व विधायक डॉक्टर पीके राय ने निषाद पार्टी के उम्मीवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। बृहस्पतिवार से पर्चा दाखिल करने वालों की संख्या बढ़ेगी।