हाटा। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के बावजूद पड़री फीडर से ग्रामीण व्यवस्था के तहत बिजली आपूर्ति किए जाने से नाराज लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने 33 केवीए बिजली उपकेंद्र हाटा पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने उपकेंद्र में तालाबंदी का प्रयास भी किया। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने लोगों से वार्ता कर जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि नगर पालिका क्षेत्र में शामिल होने के कई वर्ष बाद भी पड़री फीडर से ग्रामीण क्षेत्र की तरह बिजली आपूर्ति की जा रही है। रात के समय बार-बार बिजली कटने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने फीडर को शहरी व्यवस्था से जोड़ने की मांग की। लोगों के अनुसार करीब डेढ़ माह पहले हाटा विधायक मोहन वर्मा ने पड़री फीडर के शहरीकरण को लेकर बिजली विभाग को पत्र दिया था। उस समय विभाग की ओर से 15 दिन के भीतर फीडर को शहरी व्यवस्था से जोड़ने का आश्वासन दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बाद भी कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई। मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान लोगों ने फीडरों की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी। सूचना पर एसडीओ बलदेव सिंह और जेई अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर लिखित आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।