कप्तानगंज। अधिवक्ता संशोधन बिल के विरोध में उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर मंगलवार को कुशीनगर जिले में अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे। उन्होंने पूरे दिन हड़ताल की। कई जगह सड़क पर उतरकर बिल की प्रतियां भी जलाईं।
कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन कप्तानगंज के अधिवक्ता मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहते हुए पूरे दिन हड़ताल पर रहे। इस दौरान पूरा कामकाज प्रभावित रहा। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मिर्जा इकतेदार हुसैन और महामंत्री उमेश कुमार दुबे के नेतृत्व में सभी अधिवक्ता नए बिल के विरोध में उपनिबंधक कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया और किसी डीड राइटर को बैनामा करने की अनुमति नहीं दी गई। स्टांप विक्रेताओं ने स्टांप और फार्म नहीं बेचा। इस दौरान राम प्रताप सिंह, परमहंस कुमार, विनोद कुमार मिश्रा, दिनेश कुमार राव, हीरा पांडेय आदि मौजूद रहे।
खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील के अधिवक्ताओं ने सड़क पर उतरकर बिल की प्रतियां जलाते हुए उपनिबंधक कार्यालय पर प्रदर्शन कर नारेबाजी की। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अरविंद पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहन कुशवाहा व महामंत्री अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में मंगलवार को बिल की प्रतियां जलाई। बाइक जुलूस निकाल कर अधिवक्ताओं ने तहसील से पुराना बस स्टैंड, किसान स्कूल रोड, हनुमान मंदिर, जलकर रोड होकर उपनिबंधक कार्यालय पहुंचे और रजिस्ट्रार को ज्ञापन दिया। इस दौरान राजेंद्र जायसवाल, अमियमय मालवीय, अवधेश यादव, नित्यानंद पांडेय, ज्योतिर्मय मालवीय आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
तमकुहीराज प्रतिनिधि के अनुसार, बार संघ तमकुहीराज के अधिवक्ताओं के आंदोलन का स्टांप वेंडरों, दस्तावेज लेखकों, अधिवक्ता मुंशियों ने भी समर्थन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर से राष्ट्रीय राजमार्ग 28 एवं उपनिबंधक कार्यालय तक विरोध प्रदर्शन एवं नारेबाजी की। न्यायिक कार्य पूर्णतया ठप रहा। वही रजिस्ट्री कार्यालय में कोई बैनामा रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इस दौरान महामंत्री अजय राय, पूर्व अध्यक्ष अशोक राय, दीपक पांडेय, अनिल राय, प्रद्युम्न चौबे आदि मौजूद रहे।