पडरौना। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के सभागार में शुक्रवार को परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए जनपद स्तरीय गणित ओलंपियाड आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से आए 140 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सेवरही के प्रियांशु वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ डायट प्राचार्य दीनानाथ ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ती है। साथ ही तार्किक क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास होता है। प्रतियोगिता में प्रत्येक विकासखंड से 10-10 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता में कुल 30 प्रश्न पूछे गए, जिनमें 20 बहुविकल्पीय और 10 वर्णनात्मक थे। परिणाम में उच्च प्राथमिक विद्यालय राजपुर खास, सेवरही के प्रियांशु वर्मा ने पहला, संविलियन विद्यालय मंगलपुर, मोतीचक की रजनी गुप्ता ने दूसरा और संविलियन विद्यालय दशहवा, दुदही के फैसल अली ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। पिंकी यादव चौथे स्थान पर रहीं। पहले से दसवें स्थान तक के विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डायट प्रवक्ता वेद शंकर गुप्ता और चंद्रशेखर कुमार के साथ उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना के प्रवक्ता आनंद शुक्ला व एकरामुल्लाह सिद्दीकी ने किया। प्रतियोगिता के नोडल शिवनाथ चक्रवर्ती ने सभी के प्रति आभार जताया।
इस दौरान धनंजय कुमार चतुर्वेदी, डॉ. अखलाक अहमद, अश्विनी कुमार सिंह, राजेश शुक्ला, शैलेष तिवारी, सत्येंद्र त्रिपाठी, दीपेश सिंह, मनोज चतुर्वेदी, तारीख अहमद, बलराम, मोलाई प्रसाद प्रजापति, अनूप कुमार, अभिषेक कुमार और विशाल मिश्रा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।