इस दौरान नेबुआ नौरंगिया के पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी अजय तिवारी, खड्डा के बीईओ हिमांशु सिंह, पूर्व प्रधान व वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि विकास उर्फ गोलू गुप्ता, शिक्षक श्यामसुंदर वर्मा, संजय उपाध्याय, ओमप्रकाश यादव, पारस साहनी सहित कई लोग मौजूद थे।
बच्चों की निर्दयता से पिटाई का वीडियो आया सामने-खड्डा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैंसहा के जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक गणेश प्रसाद बुधवार को 20 से ज्यादा बच्चों को कड़ी धूप में खड़ा कर पिटाई किए थे। इसमें एक बच्ची बेहोश तथा दो घायल हो गए थे। घायल बच्चों का पुलिस ने खड्डा क्षेत्र के तुर्कहां में स्थित सीएचसी में इलाज कराया था। इससे संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है। इसे किसी ने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया है। इसमें साफ-साफ दिख रहा है कि धूप में खड़े बच्चों को किस कदर डंडे से प्रधानाध्यापक गणेश प्रसाद पीट रहे हैं।
क्या बोले एडी बेसिक
बीएसए एडी बेसिक/प्रभारी सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि एक शिक्षक होने के दायित्व को गणेश प्रसाद नहीं निभा पाए। बच्चों को धूप में खड़ाकर पिटाई करना पूरी तरह अमानवीय है। बच्चों ने एक स्वर में पिटाई की बात बताई है। जांच में प्रधानाध्यापक गणेश प्रसाद दोषी पाए गए हैं। इन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से अटैच रहेंगे और सीसीटीवी कैमरे की नजर में रहेंगे। वैधानिक कार्रवाई भी होगी।
एसओ बोले
खड्डा एसओ धनवीर सिंह ने कहा कि प्रधानाध्यापक के विरुद्ध मारपीट का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। विवेचना की जा रही है। इसके साथ ही शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया गया है।