गोड आदिवासी समाज की बैठक जूनियर हाईस्कूल में हुई।
- फोटो : अमर उजाला
पडरौना में अखिल भारतीय गोंड आदिवासी संघ के जिला इकाई की बैठक रविवार को पडरौना नगर के जूनियर हाईस्कूल में हुई। इस दौरान गोंड जाति को अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र जारी करने में की जा रही हीलाहवाली और धनउगाही पर इन लोगों ने चिंता जताई। लोगों ने कहा कि जाति प्रमाण पत्र न मिलने से गोंड जाति के लोग आर्थिक, सामाजिक और राजनैतिक रूप से पिछड़ते जा रहे हैं।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रामकोला नगर पंचायत के अध्यक्ष महेंद्र गोंड ने कहा कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भाजपा सांसद और केंद्रीय एसपी/एसटी के कल्याण संबंधी संसदीय समिति के सभापति फग्गन सिंह कुलस्ते 30 अप्रैल को जनपद में आ रहे हैं। उनके साथ महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ की पूर्व मंत्री रेणुका सिंह गोंड, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व मध्य प्रदेश के सिगरौली जनपद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राधा सिंह गोंड, राष्ट्रीय महासचिव व बिहार सरकार के एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जगजीवन नायक और प्रदेश अध्यक्ष रामजी सिंह गोंड भी आएंगे।
इन सभी को गोंड जाति को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही परेशानियों से अवगत कराया जाएगा, ताकि इस समस्या को शासन तक पहुंचाया जा सके।संगठन के जिलाध्यक्ष राधेश्याम गोंड ने कहा कि जनपद में लाखों की तादाद में बिरादरी के लोग निवास करते हैं। लेकिन गोंड जाति के लोगों की समस्या सुनने वाला न कोई अधिकारी है और न ही जनप्रतिनिधि। बैठक का संचालन नागेश्वर गोंड ने किया। इस दौरान प्रदेश मंत्री बिंदेश्वरी गोंड, जिला महामंत्री श्यामदेव गोंड, जिला उपाध्यक्ष ब्रजनारायण गोंड, सुरेंद्र गोंड, दिनेश गोंड, आरपी गोंड, प्रियेश गोंड, महेश गोंड, लल्लन प्रसाद गोंड आदि मौजूद थे।