पडरौना। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों के लिए राहत की उम्मीद है। शासन की ओर से बीएसए को ऐसे शिक्षकों का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी बीईओ इन शिक्षकों की सूची बनाने में जुटे हैं। इस सूची को गूगल फॉर्म के माध्यम से भरवाया जा रहा है।
शासन प्रदेश के गैर-टीईटी शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित कराने की तैयारी कर रहा है। इस परीक्षा के माध्यम से वर्षों से सेवा दे रहे उन शिक्षकों को अंतिम अवसर मिलेगा, जो अब तक टीईटी उत्तीर्ण नहीं कर सके है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद सरकार ने इन-सेवा शिक्षकों को निर्धारित समयावधि के भीतर टीईटी उत्तीर्ण कराने की दिशा में कार्ययोजना तैयार करनी शुरू कर दी है।
सभी विकासखंडों से प्राप्त आंकड़े संकलित कर शासन को भेजे जाएंगे। इसके आधार पर विशेष टीईटी परीक्षा की रूपरेखा तय की जाएगी। माना जा रहा है कि इस निर्णय से प्रदेश के बड़ी संख्या में शिक्षकों को राहत मिलेगी और वे अपनी सेवा जारी रखने के लिए आवश्यक अर्हता प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षक संगठनों ने भी शासन के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि विशेष टीईटी परीक्षा जल्द आयोजित होगी, जिससे लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के सामने उत्पन्न असमंजस की स्थिति समाप्त होगी। बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों की सूची गूगल फॉर्म पर जिले के सभी बीईओ से मांगी गई है। प्राप्त सूची को शासन को भेजी जाएगी। इस संबंध में शासन से मिले निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।