मौनी अमावस्या की तैयारी पूरी, श्रद्धालु आज लगाएंगे आस्था की डुबकी
बांसी और गंडक नदी के घाट पर बड़ी संख्या में लोग करते हैं स्नान, दान-पुण्य
तमकुहीरोड। सेवरही क्षेत्र के बांसी और गंडक नदी के घाटों पर मौनी अमावस्या की तैयारी पूरी कर ली गई है। शनिवार को इन घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। घाटों की सफाई के बाद यहां पर मेले के लिए शुक्रवार को दुकानें सज गईं। मेला आयोजन समिति की तरफ से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहित अन्य प्रबंध किए गए हैं।
माघ मास की अमावस्या तिथि मौनी अमावस्या के रूप में मनाई जाती है। इसलिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांसी और गंडक में पवित्र स्नान कर दानपुण्य करते हैं। मान्यता है कि इस दिन स्नान दान और गोदान करने से जीवन के सारे संताप मिट जाते हैं और घर परिवार में सुख समृद्धि आती है। स्नान पर्व को लेकर बांसी नदी के तट पर स्थित शिवा घाट, गौरी घाट, दमकल घाट, गोला घाट और गंडक के तट पर विरवट कोन्हवलिया, जंगली पट्टी, परसा उर्फ सिरिसिया, चैनपट्टी, अहिरौलीदान, बाघा चौर, नोनियापट्टी आदि घाटों पर स्नान की तैयारी की गई है।
इन घाटों पर श्रद्धालुओं के विश्राम के साथ मेलार्थियों के लिए झूला, नृत्य मंडली और ऑर्केस्ट्रा सहित अन्य मनोरंजन के साधनों की व्यवस्था भी गई है। सेवरही के चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा, विरवट कोन्हवलिया के प्रधान प्रतिनिधि आनंद कुमार सिंह, जिला पंचायत सदस्य शर्मा यादव आदि लोगों ने बताया कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसे देखते हुए सभी इंतजाम किए गए हैं।