कसया। 11 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन को लेकर टेकुआटार में प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जनसभा स्थल पर विशाल जर्मन हैंगर टेंट खड़ा कर दिया गया है, जबकि हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, साफ-सफाई और सुरक्षा संबंधी इंतजाम युद्धस्तर पर किए जा रहे हैं।
प्रशासन की ओर से जनसभा स्थल पर चार हजार से पांच हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला जर्मन हैंगर टेंट तैयार कराया गया है। टेंट के भीतर लोगों के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही मंच और जनसभा क्षेत्र को अलग-अलग सुरक्षित जोन में विभाजित करने के लिए बैरिकेडिंग का कार्य भी तेजी से चल रहा है, ताकि कार्यक्रम के दौरान भीड़ का सुचारु संचालन किया जा सके। सीएम के हेलीकॉप्टर के उतरने के लिए हेलीपैड निर्माण का कार्य भी अंतिम चरण में है। हेलीपैड से दुल्हिन जगरनाथ कुंवरी इंटरमीडिएट विद्यालय परिसर और जनसभा स्थल तक पहुंच मार्ग की साफ-सफाई, समतलीकरण और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। संबंधित विभागों के कर्मचारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वाहनों की पार्किंग के लिए मुख्य सड़क के किनारे बड़े क्षेत्र की साफ-सफाई कर पार्किंग स्थल तैयार किया जा रहा है। पार्किंग से लेकर जनसभा स्थल तक आने-जाने के मार्ग को व्यवस्थित बनाने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं, जिससे कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती, वीवीआईपी मूवमेंट, प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर पल-पल की रणनीति तैयार की जा रही है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उधर, सीएम के आगमन को लेकर प्रस्तावित मार्ग रामकोला-कसया मार्ग पर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की टीम सड़क के गड्ढों को भरने और मार्ग को सुगम बनाने में जुटी हुई है, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, जिससे आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
सीएम के आगमन को लेकर विधायक और डीआईजी ने किया कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण
फोटो है।
संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुशीनगर विधायक पीएन पाठक ने तैयारियों को परखा।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एस चनप्पा, एसपी केशव कुमार, एसडीएम डॉ संतराज सिंह, सीओ खड्डा वीरेंद्र कुमार सिंह सहित जिले के अधिकारियों ने मंच, जनसभा स्थल, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोग भी कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेश राव, अमरनाथ मदेशिया, ग्राम प्रधान राधेश्याम यादव, मोनू मद्धेशिया, विनोद तिवारी, रुद्र प्रकाश सिंह, शिबलू सिंह, शैलेंद्र कुमार , आदित्य त्रिपाठी, छत्रसाल मद्धेशिया, लवकुश, यशवंत यादव आदि मौजूद रहे।
00000