पडरौना। महाशिवरात्रि बुधवार को आस्था के साथ मनाई जाएगी। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। इसके साथ ही कुबेरस्थान कस्बा स्थित प्राचीन शिवमंदिर कुबेरनाथ में लगने वाले मेले की तैयारियां भी पूरी कर ली गई है।
इसमें भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए आसपास जिले के साथ ही दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष शिवभक्तों की भीड़ होती है। इस बार भी महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंदिर के गर्भगृह से लेकर मुख्य पूर्वी गेट तक बांस बल्ली लगाकर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग कर दी गई है।
इसके अलावा मंदिर परिसर में लगने वाले भव्य मेले के लिए एक सप्ताह पूर्व से ही पूजन सामग्री, खिलौने, मिष्ठान, फल तथा घरेलू सामानों की दुकानें सजने लगीं थीं। मंदिर के महंत राजकुमार गिरी ने बताया कि दूरदराज से एक दिन पूर्व आने वाले श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम के लिए मंदिर के धर्मशाला के अलावा गांव के पंचायत भवन, संस्कृत महाविद्यालय में व्यवस्था की गई है।