रामकोला। रामकोला-पडरौना मार्ग पर मिश्रौली पुलिस चौकी के समीप रियाज नगर के पास बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे साइकिल सवार पीआरडी जवान की हादसे में मौत हाे गई। वह रामकोला थाना क्षेत्र के मोती पाकड़ अपने घर जा रहे थे।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 58 वर्षीय विश्वनाथ यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उनकी रास्ते में मौत हो गई।
रामकोला क्षेत्र के मोतीपाकड निवासी पीआरडी जवान विश्वनाथ यादव जिला मुख्यालय रविंद्र नगर धूस स्थित विकास भवन में तैनात थे। वह रोजाना साइकिल से आते-जाते थे।
बृहस्पतिवार शाम को घर लौटते समय हादसे का शिकार हो गए। घायलावस्था में पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज कुशीनगर पहुंचाया। वहां इलाज के बाद स्थिति गंभीर देखकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथी की मौत की जानकारी पर पोस्टमार्टम हाउस पर पीआरडी जवानों की भीड़ जुट गई।
मिश्रौली चौक पुलिस चौकी इंचार्ज विवेक पांडेय ने कहा कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।