महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा/उजारनाथ। क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी एक महिला ने ग्राम प्रधान सहित आठ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, धमकी देने और गले से चेन छीन लेने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुसिस ने ग्राम प्रधान सहित सभी आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट करने, सोने की चेन लूट ले जाने और तोड़फोड़ की रिपोर्ट कर जांच में जुट गई है।
जोगिया गांव निवासी निर्मला राय ने पटहेरवा पुलिस को दिए तहरीर में आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश को लेकर छह अप्रैल को अजीत राय, प्रदीप राय, प्रियांशु और आशीष ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और उसे जान से मारने का प्रयास किया। महिला का आरोप है की इसके बाद सात अप्रैल की शाम उनके घर पड़ोस की सीमा आईं थीं, तभी ग्राम प्रधान रमेश प्रसाद, राजन, वीसा प्रसाद और कमलेश प्रसाद पहुंच गए उन लोगों ने महिला, उनके बेटे अंकुर और सीमा की पिटाई कर दी। मारपीट के बाद आरोपी उनके और सीमा के गले से सोने की चेन छीन ली। घटना के बाद उपचार कराने के लिए वह सीएचसी फाजिलनगर गईं। वहां से डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने ग्राम प्रधान रमेश प्रसाद, राजन, वीसा प्रसाद और कमलेश प्रसाद पर लूट और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है, जबकि अन्य पर मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करके छानबीन में जुटी है। एसएचओ अनिल उपाध्याय ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।