कुशीनगर। विद्युत उपकेंद्र तरयासुजान के दाहूगंज और कोइन्दी फीडर की विद्युत शनिवार की सुबह से बुधवार तक करीब 96 घंटे से बाधित है। बिजली नहीं होने से गांवों में पेयजल का भी संकट खड़ा हो गया है। लोग मोबाइल तक चार्ज करने के लिए भटक रहे हैं। विद्युत उपकेंद्र तरया सुजान के चखनी दुखी मिश्र, गोसाई पट्टी, मोरवन, गौरी नरोत्तम, गौरी इब्राहिम, परसौन, रामचंद्रपुर, पिपरा मुस्तकीन अगरवा, सुमही बुजुर्ग उर्फ़ मेहदिया, जगदीशपुर सहित कई गांवों को बिजली सप्लाई होती है। शनिवार की सुबह से लगातार हुई बारिश और आंधी के चलते जगह जगह विद्युत तार व पोल पेड़ों से धराशाई हो गए।
साथ ही बारिश से उपकेंद्र मे भी पानी से भर गया। क्षेत्र के पूर्व प्रधान राजेश राय, बृजेश राय, उपेंद्र मिश्र,वीरेंद्र प्रसाद,महेश कुशवाहा,धीरेन्द्र गुप्ता,अरविन्द शर्मा सहित काफी संख्या में लोगों का कहना था कि लगभग 96 घंटे बिजली न होने के कारण घरों में लगे इनवर्टर भी जवाब दे गए। जिससे मोबइल चार्ज करने की भी समस्या खड़ी हो गई है। बिजली न होने की वजह से दिन में उमस व गर्मी तो रात में अंधेरा छा जा रहा है। पानी की किल्लत ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं अवर अभियंता विकास सहानी ने बताया की बिजली की समस्या को जल्द ठीक करने के लिए लाइनमैन लगे हुए है एक से दो दिन मे बिजली बहाल हो जायेगा।