मथौली। कस्बा के रगड़गंज मार्ग पर सरदार भगत सिंह नगर के पास बनी पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई है। इस रास्ते आवागमन करने वाले लोगों में दुर्घटना की आंशका बनी रहती है। क्षेत्र के लोगों ने पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
क्षेत्र के बृजेश उपाध्याय, प्रमोद मिश्रा, प्रेमचंद सिंह, अख्तर हुसैन, रंजीत यादव, ताहिद अंसारी, नरसिंह यादव, विजय सिंह, मुखलाल साहनी आदि ने बताया कि इस मार्ग से कुसमा, राजपुर सेमरा, पुरैनी, विजयपुर, मठिया उर्फ अकटहा, लक्ष्मीपुर, नरायनपुर आदि गांव के लोग मथौली, हाटा या रामकोला जाते हैं।
ब्लॉक मुख्यालय या जिला मुख्यालय जाने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। सड़क पर सरदार भगत सिंह नगर के पास बनी पुलिस क्षतिग्रस्त होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होने के साथ हर दिन छोटी मोटी दुर्घटना का सामना करना पड़ता है। इन लोगों ने बड़ी दुर्घटना की आशंका जताते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।