फाजिलनगर। कस्बे के स्टेट बैंक के सामने हाईवे को पैदल पार कर रहे युवक की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह निवासी चन्दन शर्मा (21) पुत्र सन्तोष शनिवार की सायं करीब चार बजे अपने घर से स्टेट बैंक के पास आए थे।
वहां से वह किसी कार्य से एनएच को पैदल ही पार कर दूसरी तरफ जा रहे थे कि इसी बीच वह अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गए, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया।
मौके पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ दीपक कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक का नंबर पता चल गया है। चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। संवाद