फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: 2633 बूथाें पर पहुंचीं पोलिंग पार्टियां, मतदान आज

Sat, 01 Jun 2024 05:15 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
ईवीएम मशीन लेकर बूथ के लिए रवाना होते कर्मचारी।
विज्ञापन
पडरौना। लोकसभा चुनाव के अंतिम यानि सातवें चरण का मतदान कराया जाएगा। शनिवार को 18 लाख 75 हजार 215 मतदाता चुनावी रण में उतरे नौ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। सुबह सात बजे से शुरू होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार की दोपहर 1433 मतदेय स्थलों के 2633 बूथों के लिए तीन स्थानों से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। शाम तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। 13 हजार कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों में से 10 प्रतिशत कार्मिकों को रिजर्व में रखा गया है। मतदान के दिन बूथों पर सुरक्षा की कमान करीब दस हजार सुरक्षाकर्मी संभालेंगे।
विज्ञापन


सातवें चरण के मतदान को लेकर शुक्रवार की सुबह छह बजे से जिला मुख्यालय के जिला स्टेडियम, बुद्धा पार्क और पुलिस लाइन में कार्मिकों बुलाया गया था। भोर से ही कार्मिकों की भीड़जुटने लगी थी। प्रत्येक बूथ पर पीठासीन अधिकारी समेत चार की संख्या में कार्मिकों को जरूरी जानकारी देने के बाद उन्हें रवाना किया गया। खड्डा विधानसभा के लिए 354, पडरौना के लिए 370, तमकुहीराज के लिए 394, फाजिलनगर के लिए 407, कुशीनगर के लिए 377, हाटा के लिए 374 और रामकोला के लिए 357 बूथों की पोलिंग पार्टियां देर शाम तक अपने बूथों पर पहुंच गईं।
बुद्धा पार्क और जिला स्टेडियम में कार्मिकों को ड्यूटी पर जाने के दौरान कई तरह की दुश्वारियां झेलनी पड़ी। कहीं पानी की व्यवस्था नहीं थी तो कहीं छांव की तलाश में कार्मिकों को भटकना पड़ा। ड्यूटी के कागजात लेने के लिए भी कार्मिकों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ा।
विज्ञापन

0
व्यवस्था के दावे के बीच अव्यवस्था रही हावी
ड्यूटी के लिए बनाए गए काउंटरों की संख्या कम होने से कार्मिकों को घंटों परेशान होना पड़ा। जिला स्टेडियम से कुशीनगर, हाटा और पडरौना विधानसभा के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। यहां कार्मिकों की संख्या के आगे काउंटर कम होने से लंबी लाइन में काफी देर तक कार्मिकों को खड़ा होना पड़ा। एक कार्मिक ने बताया कि वह सुबह चार बजे ही यहां पहुंच गए थे। यहां आने के बाद ड्यूटी लेने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
0
संवेदनशील और अति संवेदन बूथों पर कड़ी चौकसी
जिले के 161 संवेदनशील और 52 अति संवेदनशील बूथों पर कड़ी चौकसी रहेगी। यहां सुरक्षा की जिम्मेदारी पैरामिलिट्री फोर्स पर है। 20 कंपनी सीपीएमएफ, सीआईएसएफ व पंजाब पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस की ओर से क्यूआरटी भी भ्रमण पर रहेगी।
0
गर्मी के आगे कम पड़ गए कूलर, तपते रहे कार्मिक
प्रचंड गर्मी और तीखी धूप से बचाने की व्यवस्था तो जिला प्रशासन की ओर से की गई थी। टेंट लगाकर कार्मिकों के ठहरने की भी व्यवस्था रही। लेकिन जैसे-जैसे पारा चढ़ता गया तो तेज धूप के बीच कार्मिक तपने लगे। टेंट में लगे कूलर भी कम पड़ गए। चुनाव ड्यूटी में लगे लोग पसीने से तरबतर हो गए। महिलाएं बच्चों को गोद में लेकर धूप से बचती नजर आईं। लोग छाते की मदद ले रहे थे। धूप से बचाव के लिए लगे टेंट बेअसर साबित हो रहे थे। कूलर के पास लोग चिपके नजर आए। चालक और सुरक्षाकर्मी कैंपस में खड़े ट्रक और बस के नीचे बैठे थे। हालांकि, प्रशासन की ओर से पानी और धूप से बचाव के लिए पूरा इंतजाम किया गया था।
0
कुशीनगर लोकसभा से नौ प्रत्याशी मैदान में
भाजपा से विजय दुबे, सपा से अजय प्रताप सिंह, बसपा से शुभनारायण चौहान, राशोसपा से स्वामी प्रसाद मौर्य, आजाद अधिकारी पार्टी से हरिकेश, भारतीय लोकनायक पार्टी से सुनील कुमार शुक्ल, निर्दलीय प्रत्याशी रामचंद्र सिंह, अमिय उपाध्याय, सुभाषवादी पार्टी से वेदप्रकाश मिश्रा उर्फ शंख बाबा
-
दिक्कत हो तो कंट्रोल रूम पर करें संपर्क
-मतदान के दौरान किसी तरह की कोई दिक्कत हो तो मतदाता चुनाव कंट्रोल रूम के 05564-9050, 7905693609 इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
-
भ्रमणशील रहेंगे सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट
पडरौना। जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि 17 जोनल मजिस्ट्रेट, 217 सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट और सात जोनल मजिस्ट्रेट रिजर्व में हैं। आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी शिकायतें सी-विजिल पर दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने जोन एवं सेक्टर में भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। पोलिंग पार्टी की रवानगी व्यवस्था का डीएम और एसपी ने निरीक्षण किया। सीडीओ और एएसपी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थे। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा, प्रभारी अधिकारी कार्मिक गुंजन द्विवेदी, एएसपी रीतेश कुमार सिंह, कसया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकित जैन, सदर एसडीएम व्यास नारायन उमराव आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें