पडरौना/मंसाछापर। पडरौना कोतवाली क्षेत्र के बड़हरा गांव में बृहस्पतिवार की शाम मां लक्ष्मी की मूर्ति विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकली थी। इस दौरान युवक अबीर-गुलाल उड़ाने के साथ ही आतिशबाजी कर रहे थे।
आरोप है कि पडरौना कोतवाली के मिश्रौली चौकी प्रभारी इससे नाराज होकर लाठी चला दिए। इससे विसर्जन जुलूस में भगदड़ मच गई। पुलिस की लाठी से सात श्रद्धालु घायल हो गए। इससे नाराज श्रद्धालु विसर्जन जुलूस रोक दिए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर सदर विधायक और कोतवाल पहुंचे और नाराज युवकों को समझाकर मूर्ति विसर्जन कराया। वहीं कोतवाल ने कहा कि आपस में जुलूस में शामिल युवक भिड़े थे, चौकी इंचार्ज से कोई विवाद नहीं हुआ था।
जुलूस में शामिल युवकों का आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे राम-जानकी मंदिर से मूर्ति विसर्जन जुलूस निकला था। जैसे ही शोभायात्रा रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित शिवमंदिर पहुंचा तो वहां श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान मिश्रौली चौकी इंचार्ज शनि जावला नाराज होकर श्रद्धालुओं पर लाठियां बरसाने लगे। इससे अरविंद, अजीत रौनियार, अजय गुप्ता, प्रिंस रौनियार, विकास कुमार, प्रदीप और लवकुश समेत सात लोग घायल हो गए।
नाराज गांव के लोगों ने शिवमंदिर के पास मूर्ति रोककर प्रदर्शन करते हुए दरोगा के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। सूचना पर पहुंचे सदर विधायक मनीष जायसवाल और कोतवाल हर्षवर्धन सिंह ने समझा बुझाकर शांत कराया। करीब डेढ़ घंटे तक विसर्जन जुलूस रूका रहा। शाम सात बजे मूर्ति विसर्जन संपन्न हुआ। विधायक ने कहा कि शुक्रवार को वे घायलों के साथ एसपी से मिलकर पूरे प्रकरण से अवगत कराएंगे और दोषी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।
इस संबंध में मिश्रौली चौकी प्रभारी शनि जावला ने बताया कि कुछ लड़के नशे में थे। उन्हीं को डांट फटकार लगा रहे थे। इसी दौरान कुछ लड़कों को लाठी से चोट लग गई। कोतवाल हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि मौके पर गया था। आपस में युवक विवाद किए थे। चौकी इंचार्ज ने युवकों को समझाया, लाठी मारने का आरोप गलत है।