सुरक्षा में तैनात सशस्त्र सीमा बल व पुलिस। स्रोत-सोशल मीडिया
खड्डा। पड़ोसी देश नेपाल में बिगड़े हालात को देखते हुए नेपाल-बिहार सीमा पर चौकसी बरती जा रही है। वाल्मीकिनगर बैराज से लोगों का नेपाल में आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया है। बगहा (बिहार) के एसपी सुशांत कुमार सरोज, एसएसबी के कमांडेंट तपेश्वर रावत ने संयुक्त रूप से वाल्मीकिनगर बॉर्डर समेत नेपाल से लगने वाली भारतीय सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया। एसपी ने सीमा पर तैनात एसएसबी से तालमेल बनाकर चौकसी बरतने सहित सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पुलिस को निर्देश दिया। एसएसबी कमांडेंट ने बताया कि पर्यटकों के आने-जाने पर भी सख्त मनाही है।
स्थानीय नागरिकों को विशेष परिस्थितियों में ही आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद ही आवागमन की अनुमति देने पर विचार होगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति अगर सीमा पर दिखे तो तुरंत पुलिस एवं एसएसबी को सूचित करें। आपातकालीन स्थिति में अगर कोई बीमार व्यक्ति हो या नेपाल में भारतीय लोग फंसे हों उस स्थिति में व्यक्ति अपना आईडी प्रूफ दिखाने के बाद आने की अनुमति मिल सकती है। कुशीनगर जनपद का खड्डा थाना क्षेत्र बिहार से सटा हुआ। एनएच-727 दोनों प्रदेशों को जोड़ता है।