फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुदवलिया में पुलिसिया तांडव, घर में घुस कर पीटा

Mon, 16 Apr 2018 11:50 PM IST
कुश्ाीनगर (ब्यूरो)
विज्ञापन
बिलख्ाती महिला। - फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
विज्ञापन
तुर्कपट्टी। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रुदवलिया में रविवार की रात एक युवक की पिटाई से नाराज लोगों ने दो पुलिस कर्मियों को एक घंटे तक बंधक बनाए रखा था। सोमवार की सुबह वे पिटाई करने वाले सिपाहियों के खिलाफ थाने में तहरीर देने गए। इससे नाराज पुलिस कर्मियों ने गांव पहुंचकर जमकर तांडव मचाया। कई घरों में घुसकर पुरुषों के अलावा महिलाओं और बच्चों को भी पीटा। सामान भी तोड़ डाले। वैसे पुलिस ने गांव में बल प्रयोग से इनकार किया है। उसका कहना है कि वे सिर्फ आरोपी को गिरफ्तार करने गए थे। उधर, जानकारी होने पर फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा गांव पहुंचे। उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है।
विज्ञापन


रुदवलिया गांव के लोगों के अनुसार रविवार की रात ग्यासुद्दीन अपनी बाइक से चौराहे पर आया था। तुर्कपट्टी थाने के दो सिपाही उस वक्त बैंक ड्यूटी पर थे। उन्होंने ग्यासुद्दीन को रोककर बाइक का कागज मांगा। इस बात को लेकर कहासुनी हो गई। सिपाही ने डॉयल 100 की गाड़ी को सूचित कर रुदवलिया चौराहे पर बुलाया और ग्यासुद्दीन को थाने ले गए। थाने में युवक की पिटाई की गई। हालत बिगड़ने पर पुलिसकर्मियों ने उसे उसके घर पहंचा दिया। यहां पुलिस व परिजनों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद नाराज लोगों ने पुलिसकर्मियों को एक घंटे तक जबरन बैठाए रखा। युवक की हालत नाजुक देख उसे इलाज हेतु जिला अस्पताल भेजा गया। सोमवार सुबह 10 बजे पीड़ित परिवारीजनों समेत गांव के कई लोग तहरीर देने तुर्कपट्टी थाने पहुंचे। वहां पुलिस व परिजनों के बीच मामले को खत्म करने पर सहमति बन गई।


- अचानक दोपहर लगभग डेढ़ बजे पुलिस की कई गाड़ियां रुदवलिया गांव पहुंची तथा ग्यासुद्दीन के पिता युसूफ व भाई राजकरीम सहित कई अन्य लोगों को पकड़ लिया। आरोप है कि इस दौरान जो भी सामने आया उसकी पिटाई की गई। गांव वालों का कहना है कि पुलिस वालों ने ग्यासुद्दीन के घर के पश्चिम स्थित सुगंदर प्रसाद गौड़ घर में घुसकर टीवी, ड्रेसिंग टेबल, नव निर्मित दीवार, अलमारी एवं बेड सहित अन्य कीमती सामान तोड़  दिए। सुगंदर का आरोप है कि पुलिस ने उसके घर में मौजूद सीमा पत्नी संतोष, रीता पत्नी आनंद तथा सोनी व नीतू पुत्री सुगंदर एवं रीमा पत्नी दिवाकर की भी पिटाई की। रीमा की गंभीर हालत देख ग्रामीणों ने उसे इलाज हेतु एंबुलेंस से कसया अस्पताल भेजा।
विज्ञापन


- घटना के संबंध में एसओ तुर्कपट्टी दुर्गेश सिंह का कहना है कि पुलिस ने बल प्रयोग नहीं किया। अलबत्ता ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की थी। पुलिस सोमवार को केवल आरोपियों को गिरफ्तार करने गई थी।

 - पुलिस यहां से राजकरीम व यूसुफ के अलावा अपेस पुत्र बालखिला, सूरज पुत्र उदित, दिवाकर पुत्र रामनिवास व सनी देओल पुत्र लक्ष्मण आदि को उठा कर थाने ले गई। जिनमें से पांच लोगों को शांति भंग की आशंका के आरोप में चालान कर दिया।

- सूचना पाकर फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा की अगुवाई में पुरुषोत्तम गुप्ता, रामबृक्ष गिरी, दुर्गेश राय, महेंद्र उपाध्याय एवं शैलेंद्र कुमार तिवारी आदि गांव पहुंचे। विधायक ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। इससे सरकार की छवि धूमिल हुई है। निर्दोष लोगों को मारना-पीटना व तोड़फोड़ करना गलत है। वे पूरे मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करके दोषियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें