पटहेरवा। वर्ष 2020 से 2022 तक कुल 116 मामलों में बरामद करीब दस लाख रुपये की शराब को पुलिस ने सोमवार को नष्ट करा दिया। इसमें अंग्रेजी, देसी और कच्ची शराब शामिल है। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर हुई।
थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 2020 से 2022 तक अवैध शराब के मामले में 116 केस दर्ज किए गए थे। इसके तहत अंग्रेजी व देसी शराब के साथ कच्ची शराब की बरामदगी की गई थी। उन्होंने बताया कि इन दो वर्षों में 3160 लीटर शराब बरामद की गई थी, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। उसे न्यायालय के आदेश पर सोमवार की दोपहर में नष्ट किया गया। इस दौरान सीओ जितेंद्र सिंह कालरा, अभियोजन अधिकारी नवनीत तिवारी न्यायालय कसया, एसएसआई सभाजीत यादव, ब्रजेश यादव, न्यायालय पैरोकार अमन यादव आदि मौजूद रहे।