मुक्त कराए 49 गोवंशीय पशु, पांच तस्कर गिरफ्तार
तरयासुजान पुलिस ने तमकुहीराज के पास पकड़े दो ट्रक
सीओ तमकुहीराज की अगुवाई में तरयासुजान पुलिस ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
तरयासुजान। पुलिस ने तमकुहीराज कस्बे में बाइक एजेंसी के सामने बृहस्पतिवार को फोरलेन पर तस्करों की तीन गाड़ियां पकड़ ली। दो वाहनों पर 49 गोवंशीय पशु लदे थे जबकि एक में पांच तस्कर सवार थे। पांच पशुओं की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने तस्करों के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।
एसओ तरयासुजान कमलेश कुमार सिंह को सूचना मिली कि फोरलेन से तस्कर दो ट्रकों पर गोवंशीय पशुओं की खेप बिहार की ओर ले जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही सीओ नितेश प्रताप सिंह की अगुवाई में तरयासुजान पुलिस ने तमकुहीराज कस्बे में बाइक एजेंसी के सामने फोरलेन पर वाहनों की जांच पड़ताल शुरू कर दी। कुछ देर बाद पशुओं की खेप लेकर फोरलेन के रास्ते गुजर रहे दो ट्रक व उनके साथ चल रहे एक एक बोलेरो गाड़ी को रोक लिया गया। जांच में ट्रकों पर गोवंशीय पशु होने तथा बोलेरो ने तस्करों के होने की तस्दीक हुई। पुलिस गाड़ियों को लेकर तरयासुजान थाने चली गई।
एसओ ने बताया कि ट्रकों पर कुल 49 गोवंश लदे थे, जिनमें पांच की मौत हो चुकी थी। पांच पशु तस्कर भी पकड़े गए हैं। उनके पास से तमंचा ओर कारतूस भी मिला है। इस कार्रवाई के दौरान चौकी प्रभारी तमकुहीराज कन्हैयालाल यादव, एसएसआई जगमोहन राय, एसआई दीपक सिंह, योगेन्द्र चौबे, सिपाही विनोद गुप्ता, अमरनाथ प्रजापति, अमर मणि, विनय यादव, दिवाकर यादव, शोहित यादव, रियाज खान आदि मौजूद रहे।
एसपी ने की पुरस्कार की घोषणा
पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली इस टीम को एसपी विनोद कुमार मिश्र ने पुरस्कृत करने की घोषणा की है। एसपी ने बताया कि पशु तस्करी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई जरूरी है। इस कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे सीओ तमकुहीराज नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में पांचों पशु तस्करों के नाम पता की पुष्टि कराई जा रही है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।