पति की हरकतों से आजिज पत्नी ने काटा नाजुक अंग
गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती पति की हालत गंभीर
कुबेरस्थान पुलिस के पहुंचने पर लोगों को हुई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
कठकुइयां/कुबेरस्थान (कुशीनगर)। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सरया गांव में पति की हरकतों से आजिज पत्नी ने आधी रात को ब्लेड से उसका नाजुक अंग काट दिया और फरार हो गई। चीख सुनकर पहुंचे घरवाले उसे जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कुबेरस्थान थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरया निवासी 30 वर्षीय गुलाब ईंट-भट्ठे पर ट्रैक्टर चालक है। भट्ठे पर ही काम करने वाली युवती से शादी कर वह परिवार से अलग रहता है। गांव वालों के अनुसार, दंपती के तीन बच्चे हैं और महिला इस समय गर्भवती भी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम को गुलाब भट्ठे से ट्रैक्टर चलाकर घर वापस आया और भोजन करके सो गया। पत्नी गुलाब के किसी अन्य औरत से अवैध संबंध की चर्चा से परेशान थी। आधी रात में पत्नी ने सो रहे पति के प्राइवेट पार्ट को ब्लेड से काट दिया। गुलाब की चीख सुनकर जब लोग पहुंचे तो उसकी पत्नी वहां से फरार हो चुकी थी। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज में उसका इलाज चल रहा है।
इस संबंध में एसओ अरविंद कुमार ने बताया घटना संज्ञान में है। गांव जाकर घटना के बाबत जानकारी ली गई है। परिजन पीड़ित का इलाज करा रहे हैं। घटना की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।