रामकोला। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पकड़ियार से अपनी दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यापारी कह रास्ते में पिटाई कर बाइक व आभूषण लूटने वाले नकाबपोश बदमाशों का चेहरा जल्द ही पुलिस बेनकाब कर सकती है।
सर्विलांस की मदद से पुलिस घटना में शामिल बदमाशों के करीब पहुंच चुकी है। बदमाश आस-पास के गांवों के ही रहने वाले बदमाश बताए जा रहे हैं। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है जो लूटकांड के सूत्रधार हैं। वहीं पुलिस का मानना है कि उन्हें भटकाने के लिए बदमाशों ने बाइक छोड़ दी थी। रामकोला थाना क्षेत्र के गांव कुइयां टोला लालचंद छपरा निवासी राजन नेबुआ नौरंगिया थाने के पकड़ियार बाजार में आभूषण की दुकान चलाता है। रविवार की रात राजन दुकान बंद कर लौट रहा था। इस बीच रास्ते में एक बाइक पर सवार दो लोग मुंह बांधकर खड़े थे, उसे रोकने के लिए इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुक और आगे निकल गया।
दोनों बाइक से उसका पीछा करने लगे और मोड़ पर जैसे ही वह मुड़ने के लिए बाइक की गति धीमी किया तो बदमाशों ने उसकी बाइक में ठोकर मार दी। उसके गिरते ही दोनों उसकी पिटाई करने लगे। तब तक दो अन्य बाइक सवार बदमाश पहुंच गए और उसे पकड़ लिया।
थैले व जेब में रखे आभूषण, मोबाइल व बाइक लूट कर लक्ष्मीगंज की ओर भाग निकले। राजन की तहरीर पर रामकोला पुलिस ने केस दर्ज कर बदमाशों का पता लगाने में जुटी है।
घटना का पर्दाफाश करने के लिए चार टीमें गठित की गई है। बुधवार की देर रात पुलिस ने उसी क्षेत्र के तीन युवकों को हिरासत में लिया। सूत्रों के अनुसार पूछताछ में मामला कर मास्टरमाइंड का नाम भी सामने आ गया है। एसएचओ एके गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने बदमाशों को ट्रेस कर लिया है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।