पडरौना। खुद को जीएसटी अफसर बताकर हाईवे से स्क्रैप समेत ट्रक लूटने वाले गैंग के दो कबाड़ी समेत चार लोगों पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया एक बदमाश कानपुर का रहने वाला है। इस मामले में चार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। लूट के स्क्रैप समेत घटना में इस्तेमाल दो वाहनों को पुलिस ने बरामद किया है। बरामद स्क्रैप की कीमत 50 लाख रुपये बताई जा रही है। हाईवे पर काफी दिन से यह गैंग सक्रिय था। पटहेरवा थाना क्षेत्र के टीकमपार कोटवा गांव निवासी पारस यादव का ट्रक विशुनपुरा थाना क्षेत्र के ठाढ़ीभार निवासी प्रमोद यादव चलाता है। 19 मार्च की शाम को वह सिवान से 20 टन स्क्रैप लेकर पंजाब के लिए निकला था।
आधी रात में गोरखपुर जिले के गीडा के पास पहुंचा था कि बाइक सवार एक व्यक्ति ने ओवरटेक कर ट्रक रुकवाया और खुद को जीएसटी अधिकारी बताते हुए ट्रक की चाबी और कागजात कब्जे में ले लिए। कुछ देर बाद एक कार से और तीन लोग आ गए और ट्रक ले जाकर कुशीनगर के जैन धर्मकांटा के पास खड़ा करा दिए। चालक प्रमोद यादव को बदमाशों ने कसया के बुद्धनगरी वार्ड निवासी आलोक सिंह के घर में बंधक बनाकर रखा।
दूसरे दिन विभागीय अधिकारी के पास लेकर जाने के बहाने ट्रक चालक को पूरे दिन कार में घुमाते रहे और शाम को बैरिया चौराहे पर छोड़कर चले गए थे। एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि गैंग ने स्क्रैप बेचने के लिए कसया के बहोरापुर निवासी राजेश पटेल से संपर्क किया। स्क्रैप अधिक होने के कारण राजेश ने कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिंघल जोड़ी थाना क्षेत्र के कबाड़ी सुनील गुप्ता से संपर्क कर माल दे दिया। सुनील ने स्क्रैप एक ट्रक और एक पिकअप में रखवाकर बहराइच के एक कबाड़ी को बेच दिया जिसे रास्ते से पुलिस ने वाहन समेत बरामद कर लिया। आरोपियों के पास से 22 हजार रुपये नकद मिले हैं।