दाहूगंज/कुशीनगर। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के पांडेय मुन्नी पट्टी स्थित बड़ी गंडक के पश्चिम तरफ दाहूगंज-माधोपुर मार्ग पर सोमवार देर रात मोरवन निवासी एक युवक की अज्ञात वाहन की ठोकर से मौत हो गई। मौत की खबर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोरवन निवासी सुरेश भारती के तीन पुत्रों में दूसरे लड़के राज कुमार भारती (23) की शादी दो वर्ष पूर्व बगल के गांव गोसाई पट्टी में हुई थी। राज कुमार भारती सोमवार की शाम को अपने छोटे साले के साथ बाइक से दाहूगंज बाजार घूमने गया था। साला सामान लेकर घर चला गया जबकि राजकुमार वहां रुक गया। देर शाम तक घर वापस नहीं आया तो परिजन परेशान हो गए। तभी रात करीब दस बजे परिजनों को सूचना मिली कि पांडेय मुन्नी पट्टी स्थित बड़ी गंडक के पश्चिम तरफ दाहूगंज-माधोपुर मार्ग पर राज कुमार भारती गिरा पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन युवक को सीएचसी तमकुही ले गए जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन ने शव का दाह संस्कार कर दिए।