तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के घोरठ गांव निवासी 40 वर्षीय शख्स ने एक घर में निकले जहरीले सर्प को पकड़ लिया और उसे लेकर घूमने लगा। कुछ देर बाद सर्प युवक के गर्दन में लिपट गया और चेहरे व गर्दन पर 20 से अधिक जगहों पर डस लिया। सर्प दंश से व्याकुल युवक भागते हुए मिश्रौली चौराहे पर जाकर गिर पड़ा। घरवाले उसे अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
घोरठ गांव निवासी खजांची के घर बृहस्पतिवार की दोपहर में एक जहरीला सर्प निकला। आसपास के लोग इस सर्प को मारने पहुंचे तब तक इसी गांव निवासी 40 वर्षीय रामबेलास भी वहां पहुंच गया। लोगों के अनुसार रामवेलास ने लोगों को सांप को मारने से रोक दिया और उसकी पूंछ पकड़कर हाथ में उठाकर घूमने लगा। यह शख्स बहुत देर तक सांप को कभी हाथ में तो कभी जमीन पर रखकर घूमता रहा।
इस दौरान एक बार सर्प ने रामवेलास के हाथ पर डंसा तो रामवेलास ने इसके बाद सर्प को शरीर पर लपेटना शुरू कर दिया। इसी दौरान सर्प उसकी गुर्दन में लिपट गया। रामवेलास उसे लेकर घोरठ से शाहपुर चौराहे की तरफ बढ़ चला।
इस दौरान गले में लिपटे सर्प ने अचानक रामवेलास के चेहरे व गर्दन पर दंश मारना शुरू कर दिया। रामवेलास गले में सर्प को लपेटे मिश्रौली गांव की तरफ भागने लगा। गांव के पास पहुंचकर गिर पड़ा।
पीछे से घर व गांव के लोग पहुंचे और सर्प को एक टोकरी से ढक दिया तथा रामवेलास को इलाज के लिए दुदही सीएचसी ले गए। वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने रामवेलास को मृत घोषित कर दिया।