पडरौना। वाराणसी से सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया। विकास भवन सभागार में उसका लाइव प्रसारण हुआ। क्षेत्र के शिवपुर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर से सांसद ने जिला स्तरीय स्कूल चलो रैली का शुभारंभ किया। इसमें अधिकारी और शिक्षकों ने प्रत्येक बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने का संकल्प लिया।
सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा बच्चे देश के भविष्य हैं। शिक्षा व्यक्ति को मानसिक रूप से सशक्त बनाती है। जो बच्चा जितना अधिक शिक्षित होगा, वह उतना ही मन से मजबूत होगा। इसलिए प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए शिक्षकों के साथ अभिभावकों को संकल्प लेना चाहिए। जागरूकता कार्यक्रम को रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोड़, सीडीओ वंदिता श्रीवास्तव, बीएसए डॉ. रामजियावन मौर्या आदि ने संबाेधित किया। इसके बाद निकली जागरूकता रैली पूरे गांव में भ्रमण कर लोगों को सरकारी विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता, बीईओ सुरेंद्र बहादुर सिंह, अनिल मिश्रा, नीरज बंका, अखिलेश कुमार चौधरी, रविंद्र पांडेय आदि मौजूद रहे।