हाटा। कोतवाली क्षेत्र में जमीन हड़पने और संदिग्ध हालात में पति के लापता होने का मामला सामने आया है। देवराजपुर निवासी नीलम देवी ने ने एसपी को पत्र देकर पति को ढूंढ़ने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल संजय दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
हाटा क्षेत्र के देवराजपुर निवासी नीलम देवी ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पति मारकंडेय सिंह शराब के आदी हैं और इसी कमजोरी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची। कुछ लोगों ने पति को बहला-फुसलाकर जमीन का फर्जी बैनामा करा लिया।
पीड़िता के मुताबिक 16 जनवरी 2026 को आराजी नंबर 436 में स्थित 0.0732 हेक्टेयर जमीन का करीब सात लाख 20 हजार रुपये में बैनामा कराया गया। इसके बाद 29 अप्रैल 2026 को उसी जमीन के दूसरे हिस्से का भी बैनामा करने की बात सामने आई। महिला का कहना है कि बैनामे की रकम खाते में आने की बात कही गई, लेकिन जांच कराने पर खाते में कोई धनराशि नहीं मिली। महिला ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस संबंध में पति से पूछताछ की तो उन्हें धमकियां दी गईं। वहीं 8 मई 2026 को उनके पति आरोपितों से बातचीत करने गए, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटे। तब से उनका मोबाइल भी बंद बता रहा है।पीड़िता ने आशंका जताई है कि जमीन विवाद में उनके पति के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर पति की सकुशल बरामदगी कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।