खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते विधायक विवेकानन्द पांडेय --
खड्डा। सोहरौना के खेल मैदान पर बृहस्पतिवार को आयोजित युवा दौड़ महोत्सव-2026 में उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सेना भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के बीच दौड़ को लेकर खासा उत्साह रहा। मैदान पर खिलाड़ियों ने गति, दमखम और खेल भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक विवेकानंद पाण्डेय और नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। 800 मीटर दौड़ में पूनम निषाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों अख्तर अली, अंकित यादव, विट्टू, सोनकेश, किशन चौहान और अंकित कुशवाहा सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि नियमित अभ्यास और अनुशासन से युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं। आयोजन में मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, संतोष जायसवाल सहित खेलप्रेमी मौजूद रहे।