गुरवलिया बाजार। फाजिलनगर ब्लाक के ग्राम पंचायत लवकुश पूरब पट्टी स्थित प्राथमिक विद्यालय में अगस्त महीने से मध्याह्न भोजन बंद है। बुधवार को इस स्कूल के बच्चों ने थाली लेकर प्रदर्शन किया। इसके पूर्व भी यहां बच्चे एमडीएम के लिए हंगामा कर चुके हैं। इसके बावजूद व्यवस्था नहीं सुधरी।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोरेन्द्र कुशवाहा का कहना है कि किसी स्थायी शिक्षक की नियुक्ति नहीं होने से खाते का संचालन बंद है। धन का आहरण नहीं हो पा रहा जिससे मध्याह्न भोजन भी नहीं बन रहा है। खंड शिक्षाधिकारी को भी इसकी जानकारी दी जा चुकी है। शिक्षा मित्र पुष्पा सिंह ने बताया विद्यालय में 44 बच्चे नामांकित हैं और औसतन 30 से 35 बच्चे विद्यालय आते हैं। दो रसोईया भी हैं लेकिन मध्याह्न भोजन बंद है। मध्याह्न भोजन नहीं मिलने पर बुधवार को बच्चों ने थाली लेकर स्कूल में प्रदर्शन किया।
इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी धीरेंद्र कुमार त्रिपाठी का कहना है कि इस मामले को उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। निर्देश मिलते ही जरूरी कार्रवाई की जाएगी।