कसया। थाना क्षेत्र के सिरसिया खोइया गांव के हथुआ टोला में जमीन बंटवारे को लेकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव के रंजन और शैलेंद्र राव के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे का विवाद चल रहा है। रविवार को कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में एक पक्ष से रंजन (55) और सरोज (45) घायल हो गए, जबकि दूसरे पक्ष से शैलेंद्र राव (35) और उनकी मां कुसुम देवी (68) को चोटें आईं। परिजन घायलों को कसया सीएचसी ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख चारों को मेडिकल कॉलेज रविंद्र नगर रेफर कर दिया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी एसआई सुजीत पांडेय ने बताया कि दो लोगों में जमीन को लेकर आपसी विवाद था। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।