पडरौना। जिले में पेट्रोल पंपों पर रह-रह कर ईंधन की किल्लत गहराने लगी है। पहले पेट्रोल पंपों को उनकी मांग के अनुसार, आपूर्ति मिल रही थी, वहीं अब तेल कंपनियों ने इसमें कटौती कर दी है। इसमें इंडियन ऑयल सहित भारत पेट्रोलियम जैसी बड़ी तेल कंपनियों ने पंप संचालकों के आपूर्ति को लेकर कटौती कर रही हैं। इससे आम ग्राहकों की समस्या बढ़ जा रही है। हालात यह है कि मांग पूरी है,लेकिन सप्लाई कम होने के कारण पंपों पर नो स्टॉक के बोर्ड लटकने लगे हैं। जिले के कई पेट्रोल पंप संचालकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के बाद से धीरे-धीरे आपूर्ति में कटौती आरंभ की गई थी। यह कटौती का ग्राफ वर्तमान में किसी में 30 फीसदी तो किसी कंपनी ने 40 फीसदी तक कटौती कर दिए हैं। ऐसे में एक पेट्रोल पंप पर एक महीने में करीब एक लाख लीटर कम ईंधन की आपूर्ति हो रही है। यह कटौती ही किल्लत की प्रमुख वजह बन रही है।
बृहस्पतिवार को एननएच-28 स्थित भारत पेट्रोलियम के पंप पर पेट्रोल नहीं था। पहुंच रहे उपभोक्ता मायूस होकर लौट जा रहे थे। प्रबंधक श्यामबदन कुशवाहा ने बताया कि आर्डर दिया गया है। सुबह तक पेट्रोल था, जिसका वितरण कर दिया गया। आपूर्ति होने में समय लगेगा। कंपनी की तरफ से तेल की कटौती की गई है, इसलिए बार-बार पंप ड्राई हो रहा है।