कप्तानगंज। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बसहिया उर्फ कप्तानगंज के झझवा टोले की दलित बस्ती के लोगों ने मंगलवार को कप्तानगंज के विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारी का भी लोगों ने घेराव किया। ये लोग अपने टोले पर भी बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे थे। एसडीओ ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
झझवा टोला के लोगों का कहना था कि आज तक उनके घरों को बिजली नहीं मिली। कई बार आंदोलन के बाद विभाग ने गांव में तार-पोल तो लगा दिए लेकिन उनमें आपूर्ति शुरू नहीं की गई। इसकी वजह से विद्युतिकरण के बाद भी वे लोग रात में अंधेरे में रहने को विवश हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारी का घेराव करते हुए वरिष्ठ अफसरों को मौके पर बुलाने और समस्या समाधान की मांग करने लगे।
इसकी जानकारी होने पर एसडीओ कप्तानगंज भोला प्रसाद ने लोगों से बात की। एसडीओ का कहना था कि कप्तानगंज कस्बे में बिजली आपूर्ति करने वाले उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर पर लोड अधिक होने के कारण सप्लाई नहीं दी जा सकती है। गिदहा चक बैरिया में नया उपकेंद्र चालू होने के बाद ही इस टोले में सप्लाई शुरू हो पाएगी। इस आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हो गए।
इस मौके पर पिंटू, अजय कुमार, जगदीश प्रसाद, दिलीप प्रसाद, सुरेश कुमार, गिरधारी प्रसाद, वीरेंद्र प्रसाद, चंदन, संदीप, कामलेश, अमरनाथ समेत तमाम लोग मौजूद रहे।